उत्तराखंड : बहन के साथ घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देहरादून ( Dehradun ) - राजधानी देहरादून के बडोवाला क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई , जब बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से अपनी बहन के साथ घर लौट रहे युवक पर फायरिंग कर दी । गोली युवक के दाहिनी ओर पेट के नीचे मांस को छूते हुए निकल गई । घायल युवक को तत्काल श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है ।डीएसपी चौक के पास अचानक बरसाई गोलियां
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है , जो उज्जीवन बैंक में कार्यरत है । मंगलवार शाम वह अपनी बहन साक्षी चमोली के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था । दोनों बडोवाला स्थित डीएसपी चौक के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो युवक उनके करीब आए और सत्यम को निशाना बनाकर गोली चला दी ।फायरिंग के बाद दोबारा हमला करने की कोशिश
अचानक हुई फायरिंग से सत्यम और उसकी बहन घबरा गए । दोनों स्कूटी रोककर पास मौजूद लोगों की ओर भागे । इस दौरान गोली सत्यम के पेट के नीचे दाहिनी ओर लगी और मांस को छूते हुए निकल गई । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया और दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया , लेकिन फायर मिस हो गया । भीड़ जुटने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए ।CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया । पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ।हमले की वजह अब तक साफ नहीं
प्रारंभिक जांच में फायरिंग के कारणों का पता नहीं चल सका है । पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले से सत्यम को जानते थे या किसी अन्य वजह से उसे निशाना बनाया गया । घायल युवक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ।कई पुलिस टीमें जांच में जुटीं
सीओ सदर अंकित कंडारी , पटेलनगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं , शहर कोतवाल केसी भट्ट , क्लेमेनटाउन थानाध्यक्ष मोहन सिंह और एसओजी टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक व प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली । पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा ।
देहरादून फायरिंग, बडोवाला फायरिंग, देहरादून क्राइम न्यूज, उत्तराखंड क्राइम न्यूज, देहरादून गोलीकांड, बडोवाला गोलीकांड, देहरादून पुलिस, देहरादून लेटेस्ट न्यूज, Uttarakhand Crime News, Dehradun Firing