विडंबना : प्रवक्ता नहीं , फिर भी विज्ञान में कमाल ! भिंगराड़ा की बेटियों ने मारी बाजी , अब शिक्षा विभाग से सवाल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
पाटी में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में भिंगराड़ा की छात्राओं का दबदबा ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पाटी में 28 सितंबर को ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया । विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों में रुचि और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित संगोष्ठी में पाटी ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र - छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया ।ऊर्जा के भविष्य पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
इस वर्ष विज्ञान संगोष्ठी का विषय भारतीय ऊर्जा परिदृश्य - 2047 , संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर रखा गया था । इस विषय पर प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने - अपने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भारत की ऊर्जा जरूरतों , भविष्य की संभावनाओं और सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर अपने विचार रखे । विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण और विषय की समझ को देखते हुए निर्णायकों ने परिणाम घोषित किए ।भिंगराड़ा की मनीषा ने हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज भिंगराड़ा की मनीषा जोशी ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया । इसी विद्यालय की अंजली जोशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया , जबकि राजकीय इंटर कॉलेज गरसाड़ी के मोहित ने तृतीय स्थान हासिल किया । प्रथम , द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । चयनित विद्यार्थी अब जिले स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में पाटी ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे ।दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पाटी की SMC अध्यक्ष नारायण सिंह खाती , कार्यक्रम अध्यक्ष एवं स्थल संयोजक सतीश चन्द्र जोशी तथा विशिष्ट अतिथि एवं PTA अध्यक्ष चन्द्रकांत गहतोड़ी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया । कार्यक्रम में गोकुलानंद भट्ट ने मंच संचालक की भूमिका निभाई ।ब्लॉक विज्ञान समन्वयक ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के समापन पर ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. जीवन चन्द्र सोराड़ी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गुरुजनों का आभार व्यक्त किया । उन्होंने जिले के लिए चयनित विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं । कार्यक्रम में अमित जैन , हेम चन्द्र सोराड़ी , महिपाल सिंह , मानसी , खष्टी , गीता पाटनी , उमेश मिश्रा , प्रियंका जायसवाल , मानसी भट्ट , कमल सिंह , कैलाश चन्द्र जोशी , कविता कोहली , कैलाश चंद्र जोशी , मानसी , समेत अन्य शिक्षक - शिक्षिकाएं मौजूद रहे ।पाटी से जिले तक अब बड़ी चुनौती
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बाद चयनित विद्यार्थियों के सामने अब जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी । ऊर्जा के बदलते परिदृश्य जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों की भागीदारी ने यह भी दिखाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र - छात्राएं समसामयिक वैज्ञानिक विषयों पर अपनी समझ और विचार प्रभावी ढंग से सामने रख रहे हैं ।बिड़ंबना : रसायन विज्ञान का प्रवक्ता नहीं , फिर भी विज्ञान में बेटियों का दबदबा... आखिर ऐसा क्यों ?
राइंका भिंगराड़ा में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता का पद लंबे समय से खाली है । ऐसे में इसी विद्यालय की छात्राओं का ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में पहला और दूसरा स्थान हासिल करना महज एक प्रतियोगिता का परिणाम नहीं , बल्कि विद्यालय की बालिकाओं की मेहनत , शिक्षकों के मार्गदर्शन और सीखने की जिद का मजबूत प्रमाण है । एक तरफ विज्ञान पढ़ाने वाले महत्वपूर्ण विषय के प्रवक्ता का पद लंबे समय से रिक्त है , दूसरी तरफ इसी विद्यालय की बेटियां विज्ञान जैसे विषय में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं । सवाल यह है कि यदि सीमित संसाधनों में ये छात्राएं ब्लॉक स्तर पर ऐसी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं , तो उन्हें बेहतर शैक्षिक संसाधन और विषय विशेषज्ञ शिक्षक मिलने पर ये बेटियां कितनी ऊंची उड़ान भर सकती हैं ? आखिर राइंका भिंगराडा में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता का पद आखिर कब तक खाली रहेगा ? जब बेटियां अपनी मेहनत से विज्ञान में नाम रोशन कर रही हैं , तो क्या सरकार और शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी नहीं बनती कि उन्हें पर्याप्त शिक्षक और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ? और सबसे बड़ा सवाल तो ये है कि , अगर बिना रसायन विज्ञान के प्रवक्ता के भिंगराड़ा की बेटियां विज्ञान संगोष्ठी में ब्लॉक स्तर पर पहला और दूसरा स्थान हासिल कर सकती हैं , तो स्थायी विषय विशेषज्ञ शिक्षक मिलने पर इनकी प्रतिभा को उड़ान देने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा ? विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विकास सिजवाली का कहना है - अगर विद्यालय में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता की तैनाती होती तो , विद्यालय के छात्र - छात्राएं और बेहतर सीख पाते । बेटियों ने अपना काम कर दिया है , अब बारी शिक्षा विभाग की
उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ-साथ उस व्यवस्था पर भी सवाल उठना चाहिए , जहां प्रतिभाशाली विद्यार्थियों वाले विद्यालय में महत्वपूर्ण विषय का शिक्षक पद लंबे समय तक रिक्त पड़ा है ।
चम्पावत विज्ञान संगोष्ठी, पाटी विज्ञान संगोष्ठी, ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पाटी, मनीषा जोशी भिंगराड़ा, अंजली जोशी भिंगराड़ा, मोहित गरसाड़ी, भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047, चम्पावत शिक्षा समाचार, पाटी शिक्षा समाचार, उत्तराखंड हिंदी समाचार
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें:
Video: