चम्पावत : पाटी अस्पताल की बदहाली पर जनता का फूटा गुस्सा , CHC बनाने की मांग
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
सुविधाओं के अभाव में लोहाघाट - चम्पावत के चक्कर काटने को मजबूर मरीज , अस्पताल परिसर में नारेबाजी कर जताई नाराजगी ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले की नगर पंचायत पाटी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) पाटी में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर क्षेत्रीय जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है । इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लोगों को लोहाघाट और चम्पावत के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं । इससे खासकर गरीब और ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है ।इलाज के लिए बाहर जाना मजबूरी , गरीबों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाटी क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है , लेकिन यहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में भी दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है । दूर के अस्पतालों तक आने-जाने में समय के साथ-साथ किराए और अन्य खर्च का अतिरिक्त बोझ गरीब परिवारों को उठाना पड़ रहा है । स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की जा रही है , लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है ।अस्पताल परिसर में नारेबाजी , सांकेतिक धरना प्रदर्शन
PHC पाटी को CHC बनाने की उठी मांग
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटी का उच्चीकरण कर उसे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) बनाने की मांग जोर-शोर से उठाई । जनता का कहना है कि अस्पताल का उच्चीकरण होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल दूर के अस्पतालों में ले जाने की मजबूरी कम होगी ।मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटी का शीघ्र उच्चीकरण नहीं किया गया , तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा । जनता ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर अनशन , आंदोलन और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन तक किया जाएगा । प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के लिए क्षेत्र की जनता को लगातार दूसरे शहरों की दौड़ लगाना पड़ रहा है , जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।यूकेडी नेता के सवालों को अब जनता का समर्थन
अब मैदान में उतरी जनता , और बदल गया तस्वीर का सबसे अहम पहलू
अब पाटी के अस्पताल में स्थानीय लोगों का सांकेतिक धरना और नारेबाजी इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू सामने ला रही है । जिस मुद्दे को पहले राजनीतिक तौर पर उठाया गया था , उसी मुद्दे पर अब स्थानीय जनता भी खुलकर आवाज उठा रही है । जनता की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटी को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में उच्चीकृत करने की मांग और मांग पूरी न होने पर आंदोलन , अनशन तथा आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन की चेतावनी यह संकेत देती है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष गंभीर है । अब सवाल यह है कि क्या जनता की इस आवाज को भी केवल विरोध या राजनीति के चश्मे से देखा जाएगा , या फिर इसे पाटी की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के अवसर के रूप में लिया जाएगा ? दरअसल , किसी भी जनप्रतिनिधि , राजनीतिक संगठन या सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा उठाए गए सवालों की असली कसौटी यही होती है कि क्या जनता भी उन्हीं सवालों को महसूस करती है ? पाटी में अब जनता का मैदान पर उतरना यह बताता है कि अस्पताल के उच्चीकरण का मुद्दा स्थानीय लोगों के लिए वास्तविक जरूरत बन चुका है । रजवार ने जिस मुद्दे पर सवाल उठाए थे , अब उसी मुद्दे पर जनता ने आवाज बुलंद कर दी है । ऐसे में गेंद अब शासन-प्रशासन के पाले में है ।ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान घनश्याम पचौली , सुरेश गहतोड़ी , धर्म सिंह , प्रकाश सिंह , भगवान सिंह , पूरन महराना , हेम गहतोड़ी , मोहित बिष्ट , नीरज मेहता , रोहित मेहता , प्रियांशु मेहता , गौरव सिंह बिष्ट , राकेश मेहता , दीपक चंद्र गहतोड़ी , वीरेंद्र मेहता , रोहित गहतोड़ी , सोनू मेहता , सुजल , राकेश बोहरा , बबलू मेहता , मनीष मेहता , रघुवर राम , दिनेश मेहता सहित तमाम क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे ।पाटी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर अब सरकार की नजर
पाटी में स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं । अब देखना होगा कि पाटी PHC के उच्चीकरण और CHC बनाने की स्थानीय जनता की मांग पर शासन-प्रशासन क्या कदम उठाता है ।
पाटी अस्पताल, पाटी PHC, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटी, पाटी अस्पताल उच्चीकरण, पाटी CHC, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पाटी, चम्पावत स्वास्थ्य विभाग, चम्पावत अस्पताल, लोहाघाट अस्पताल, पाटी स्वास्थ्य सुविधाएं, उत्तराखंड स्वास्थ्य व्यवस्था, चम्पावत न्यूज, पाटी न्यूज, उत्तराखंड हिंदी समाचार
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें:
Video: