चम्पावत : मनटांडे एएनएम सेंटर दोबारा बंद मिलने पर डीएम सख्त , सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट एक दिन बाद भी नहीं सुधरी स्थिति ! बुधवार को फिर लटका मिला ताला , डीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के पाटी विकासखंड अंतर्गत मनटांडे एएनएम सेंटर के दोबारा बंद मिलने की सूचना पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया है । डीएम ने मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं । इससे पहले 27 अक्टूबर को डीएम ने जांच के निर्देश दिए थे । इसके बावजूद बुधवार , 28 अक्टूबर को सेंटर पर फिर ताला लटका मिलने की जानकारी सामने आई है ।
मनटांडे एएनएम सेंटर दोबारा बंद मिलने पर डीएम सख्त , सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश
मनटांडे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे । इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के संबंध में जानकारी जुटाई थी । विभागीय जानकारी के अनुसार , वीडियो में दिखाई गई आयरन की गोलियों की उपयोग अवधि दिसंबर 2024 में समाप्त हो चुकी थी । दवाओं के निस्तारण का तरीका भी उचित नहीं पाया गया था । मामले में डीएम के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद थी कि स्वास्थ्य विभाग सेंटर के संचालन को लेकर आवश्यक कदम उठाएगा । लेकिन बुधवार को दोबारा केंद्र बंद मिलने की सूचना सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने फिर संज्ञान लेते हुए सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ।
सीएमओ से संपर्क की कोशिश , नहीं मिल पाया पक्ष
मनटांडे एएनएम सेंटर के दोबारा बंद मिलने और मामले में अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान का पक्ष जानने के लिए उत्तराखंड हिंदी समाचार की ओर से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया , लेकिन उनका फोन नहीं लगा । पोर्टल की ओर से पिछले कई दिनों से सीएमओ से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है , लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है ।
एसीएमओ बोले - एएनएम को तुरंत सेंटर भेजा जा रहा है
सीएमओ से संपर्क नहीं होने पर उत्तराखंड हिंदी समाचार ने बुधवार सुबह 9:45 बजे एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह से मामले की जानकारी ली । एसीएमओ ने बताया कि पिछले दिन के मामले के बाद एएनएम पीएचसी पाटी आई हुई हैं और उन्हें तुरंत मनटांडे एएनएम सेंटर भेजा जा रहा है । हालांकि अब जिलाधिकारी की ओर से दोबारा संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं , अब स्थानीय लोगों को भी ठोस कार्रवाई की उम्मीद है ।