चम्पावत : 257 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज , डीएम ने तीन शिफ्टों में काम कराने के दिए निर्देश
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
लोहाघाट के छमनिया में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम मनीष कुमार ने किया निरीक्षण , हॉस्टल और खेल मैदानों का काम जल्द पूरा करने पर जोर ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के लोहाघाट के छमनिया में बन रहा अत्याधुनिक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज अब तेजी से आकार ले रहा है । करीब 256 करोड़ 96 लाख रुपये (257 करोड़) की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वाकांक्षी खेल प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ।डीएम ने परखी निर्माण कार्यों की रफ्तार
शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया । उन्होंने बालिकाओं और खिलाड़ियों के लिए बन रहे हॉस्टल के साथ बास्केटबॉल , वॉलीबॉल , फुटबॉल और हॉकी ग्राउंड तथा रनिंग ट्रैक और दर्शक दीर्घा (स्टैंड) का बारीकी से निरीक्षण किया ।तीन शिफ्टों में काम , संसाधन बढ़ाने के सख्त निर्देश
निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के लिए डीएम ने कार्यदायी संस्था को मानव संसाधन और कच्चे माल की उपलब्धता तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए । उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य प्रातः , दोपहर और रात्रि तीनों शिफ्टों में लगातार कराया जाए , ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सके ।गुणवत्ता से समझौता नहीं , पहले चरण के काम जल्द हों पूरे
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए प्रथम चरण के अंतर्गत हॉस्टल और खेल अवस्थापनाओं का निर्माण तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि बालिकाओं के खेल विकास के लिए तैयार हो रहा यह केंद्र प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल परियोजनाओं में शामिल है । महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र की बालिकाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है । निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी - कर्मचारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे ।
चम्पावत महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट स्पोर्ट्स कॉलेज, छमनिया महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, पुष्कर सिंह धामी, डीएम मनीष कुमार, उत्तराखंड खेल समाचार, महिला खेल विकास, 257 करोड़ का स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत न्यूज, उत्तराखंड हिंदी समाचार।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: