विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने किया दीपावली महोत्सव का आगाज , 11 नवंबर को निकलेगी भव्य देवी रथ यात्रा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
ढोल - नगाड़ों और छोलिया नृत्य के साथ मौड़ा में दीपावली महोत्सव का आगाज , 11 नवंबर को निकलेगी भव्य देवी रथ यात्रा ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के लोहाघाट ब्लॉक के सीमांत मौड़ा गांव में रविवार को तीन दिवसीय दीपावली महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया । लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने महोत्सव का उद्घाटन किया । इस दौरान पारंपरिक कलश यात्रा , ढोल - नगाड़ों और छोलिया नृत्य ने पूरे गांव को उत्सव के रंग में रंग दिया ।विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने किया शुभारंभ , सांस्कृतिक विरासत बचाने पर दिया जोर
उद्घाटन अवसर पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे महोत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहरों को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं । उन्होंने महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए कमेटी और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं । इस दौरान महोत्सव कमेटी की ओर से विधायक का जोरदार स्वागत किया गया ।कलश यात्रा में उमड़ा महिलाओं का उत्साह , छोलिया नृत्य ने बांधा समां
महोत्सव कमेटी अध्यक्ष केदार सिंह बोरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का आगाज भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ । इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया । ढोल-नगाड़ों की गूंज और छोलिया नर्तकों की आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच निकली कलश यात्रा ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी ।बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं , उत्तराखंड के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू
महोत्सव कमेटी अध्यक्ष केदार सिंह बोरा ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी । वहीं , उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे । उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव की रौनक बढ़ाने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की । उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को भव्य देवी रथ यात्रा निकाली जाएगी , जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी । कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।
मौड़ा दीपावली महोत्सव, लोहाघाट समाचार, चम्पावत न्यूज, खुशाल सिंह अधिकारी, मौड़ा गांव महोत्सव, उत्तराखंड दीपावली महोत्सव, देवी रथ यात्रा, छोलिया नृत्य, सीमांत क्षेत्र की संस्कृति, उत्तराखंड हिंदी समाचार
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: