आस्था : रात 1:30 बजे उठेगा शिव डोला , 10 किमी की कठिन चढ़ाई के बाद लधौनधुरा पहुंचेंगे भोलेनाथ
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
भिंगराड़ा से दीपक शर्मा की रिपोर्ट
10 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई , रातभर गूंजेंगे शिव के जयकारे ! लधौनधुरा धाम पहुंचेगा भगवान शिव का ऐतिहासिक डोला ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के प्रसिद्ध लधौनधुरा बाबा मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला पारंपरिक शिव मेला धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है । इस वर्ष 23 नवंबर 2026 को खरही शिव मेले का आयोजन किया जा रहा है । मेले में क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ ही दूर - दराज से भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है । स्थानीय लोगों के मुताबिक रात्रि में दर्जा राज्यमंत्री मुकेश सिंह महराना द्वारा मेले का उद्घाटन किया जाएगा ।10 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई तय कर लधौनधुरा पहुंचता है शिव डोला
लधौनधुरा मेले की सबसे खास और ऐतिहासिक परंपरा भगवान शिव की डोला यात्रा है । कार्तिक मास की चतुर्दशी की रात करीब 1:30 बजे खरही के मल्ली खरही स्थित शिव मंदिर से भगवान शिव का डोला विधिवत रवाना होता है। इसके बाद श्रद्धालु करीब 10 किलोमीटर की कठिन और खड़ी चढ़ाई तय करते हुए डोले को कार्तिक पूर्णिमा की सुबह सूर्योदय के समय लधौनधुरा मंदिर पहुंचाते हैं । इस ऐतिहासिक यात्रा में परंपरागत रूप से खरही के क्षेत्र के कुछ लोग हाथों में लाठियां लेकर तथा बिरगुल के महराना समाज के लोग छड़ीदार के रूप में डोले के आगे चलते हैं । यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं और सामुदायिक सहभागिता की अनूठी मिसाल मानी जाती है ।रातभर गूंजेंगे भजन - कीर्तन और झोड़ा-चांचरी के स्वर
मेले में रातभर भजन - कीर्तन के साथ उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति झोड़ा और चांचरी की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी । धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लोकगीतों और सामूहिक गायन से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठेगा ।मन्नत पूरी होने पर मंदिर में घंटियां चढ़ाते हैं श्रद्धालु
लधौनधुरा बाबा मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है । मान्यता है कि मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर भक्त भगवान शिव के चरणों में घंटियां अर्पित करते हैं । इसी आस्था के चलते यहां दूर - दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं ।तीन गांवों के लोग निभाते हैं निर्वाणी पुजारी की परंपरा
मंदिर की पूजा-अर्चना की परंपरा में नांखुड़ा , बैजगांव और ईजर गांव के लोगों की विशेष भूमिका है । इस वर्ष ईजर गांव में भगवान शिव की नित्य पूजा की जिम्मेदारी रहेगी । पुजारी सुरेश शर्मा अगले एक वर्ष तक नियमित रूप से पूजा - पाठ का निर्वहन करेंगे । श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिरगुल , गोली और आसपास के गांवों के नवयुवकों एवं सहयोगियों की ओर से जलपान , चाय और सुबह के नाश्ते की व्यवस्था भी की जाती है । धार्मिक आस्था , ऐतिहासिक परंपरा और कुमाऊं की समृद्ध लोक संस्कृति को संजोए लधौनधुरा शिव मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: